09-10-2025 |
भोपाल। खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट करने वाले खिलाड़ियों को सरकार सम्मानित करेगी। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य स्तरीय शिखर खेल पुरस्कारों की घोषणा किया। इसमें 12 विक्रम, 11 एकलव्य, तीन विश्वामित्र और एक लाइफ़ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार दिया जाएगा।
मध्य प्रदेश में सरकार खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय शिखर खेल पुरस्कारों से सम्मानित करने ने जा रही है। सरकार ने राज्य स्तरीय शिखर खेल पुरस्कारों की घोषणा की है। साल 2023 में खेलों के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को यह सम्मान दिया जाएगा।
विक्रम पुरस्कार (12 पुरस्कार)
विक्रम पुरस्कार वर्ष 1972 से प्रदान किया जा रहा है। विक्रम पुरस्कार सीनियर खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है। विक्रम पुरस्कार 12 सीनियर खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है, जिसमें से ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेलों में खेले जाने वाले खेल में 6 व्यक्तिगत श्रेणी में, 3 दलीय श्रेणी में, एक पुरस्कार दिव्यांग श्रेणी में एवं एक पुरस्कार परंपरागत खेल (ओलम्पिक, एशियन गेम्स एवं राष्ट्रीय खेल में नहीं खेले जाने वाले खेलों को छोड़कर) एवं एक पुरस्कार साहसिक खेल में दिया जाता है। विक्रम पुरस्कार से सम्मानित किये जाने वाले खिलाड़ी को 2 लाख रुपये एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाता है। विक्रम पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित कर शासकीय सेवा में नियुक्ति प्रदान की जाती है।
एकलव्य पुरस्कार (11 पुरस्कार)
राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा स्थापित करने के लिये छोटी उम्र से ही खेलों के प्रति एकाग्रता आवश्यक है। अत: इस ओर बालक-बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से वर्ष 1996 से जूनियर खिलाड़ियों के लिये, जिन्होंने प्रदेश के लिये अटूट विश्वास सतत् साधना कर श्रेष्ठ प्रदर्शन कर प्रदेश को गौरवान्वित किया है, एकलव्य पुरस्कार प्रदान किया जाता है। एकलव्य पुरस्कार 21 वर्ष से कम आयु के जूनियर खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है। एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित किये जाने वाले जूनियर खिलाड़ी को एक लाख रुपये एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाता है।
विश्वामित्र पुरस्कार (3 पुरस्कार)
प्रशिक्षक, जो समर्पित भाव से खिलाड़ियों को आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकी ढंग से प्रशिक्षण के माध्यम से तराशने व निखारने में सतत् कई वर्षों से प्रयासरत हैं, उन्हें भी प्रोत्साहित करने की दृष्टि से वर्ष 1995-96 से “विश्वामित्र’’ पुरस्कार से विभूषित किया जा रहा है। विश्वामित्र पुरस्कार प्रशिक्षकों को प्रदान किया जाता है। प्रतिवर्ष 3 विश्वामित्र पुरस्कार प्रदान किये जाते हैं, जिसमें 2 पुरस्कार व्यक्तिगत खेल में एवं एक पुरस्कार दलीय विधा में प्रदान किया जाता है। विश्वामित्र पुरस्कार से सम्मानित किये जाने वाले प्रशिक्षक को 2 लाख रुपये एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाता है।
लाइफ टाइम एचीवमेंट पुरस्कार (एक पुरस्कार)
लाइफ टाइम एचीवमेंट पुरस्कार वर्ष 2002 से प्रारंभ किया गया है। यह पुरस्कार ऐसी खेल हस्ती को दिया जाता है, जिसने प्रदेश के खेलों के विकास एवं प्रोत्साहन के लिये जीवन पर्यन्त योगदान दिया हो। इस पुरस्कार में 2 लाख रुपये एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाता है। श्री रतनलाल वर्मा पुत्र स्व. श्री गंगाराम वर्मा, जिम्नास्टिक खेल, उज्जैन में महत्वपूर्ण योगदान देने पर वर्ष 2023 के लाइफ टाइम एचीवमेंट पुरस्कार के लिये चयनित किया गया है।